थाना संदीपनघाट क्षेत्र के ग्राम आलमचंद्र में पूर्व प्रधान मनोज कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर आलाकत्ल तमंचा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। दोनों अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान एसपी सत्यनारायण ने बताया कि चार मई की सुबह करीब पांच बजे मनोज कुमार रोज की तरह माहेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज आलमचंद्र के पीछे टहलने निकले थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मनोज कुमार को परिजन पहले नजदीकी अस्पताल और बाद में एसआरएन अस्पताल प्रयागराज ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के पुत्र सूरज कुमार की तहरीर पर थाना संदीपनघाट में प्राथमिकी दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर एसओजी, सर्विलांस और साइबर टीमों का गठन किया था। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
13 मई को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने आदमपुर बसेड़ी क्षेत्र से सुलखान सिंह पुत्र छोटई और नीरज पुत्र कमलेश, निवासी पट्टी नरवर थाना संदीपनघाट को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पूर्व प्रधान की हत्या की योजना बनाकर गोली मारने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा और मोटरसाइकिल गंगा नदी के काटी कछार क्षेत्र से बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पूछताछ में सामने आया पैसों के विवाद का मामला
एसपी सत्यनारायण ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ में यह सामने आया कि उनके साथ एक तीसरा साथी सूरज पासी, निवासी समसपुर चरवा, भी शामिल है। उसका पूर्व प्रधान मनोज कुमार से पैसों के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। पूछताछ में यह भी पता चला कि जिस स्कूल में मृतक पूर्व प्रधान बाबू का काम करता था, उसी स्कूल में आरोपियों की चचेरी बहन पढ़ाई करती है और गिरफ्तार दोनों आरोपी भी वहीं से पढ़ाई कर चुके हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है। एसपी ने कहा कि जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।