रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर दोस्तों से आठ लाख की ठगी
पइंसा के बंबूपुर गांव में रहने वाले युवक हुए ठगी का शिकार
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। पइंसा कोतवाली क्षेत्र के बंबूपुर गांव में रहने वाले दोस्तों से रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाज ने आठ लाख रुपये ठग लिए। बाद में नौकरी तो दिलाई ही नहीं। रकम मांगने पर जानलेवा धमकी अलग से दी। पीड़ित शनिवार को ठगी की शिकायत करने मंझनपुर आए थे। पर, उनकी मुलाकात किसी अफसर से नहीं हो सकी।
बंबूपुर निवासी वीरेन्द्र ने बताया कि उसकी आर्थिक हालत ठीक नहीं है। किसानी के भरोसे परिवार का खर्च चल रहा है। पीड़ित की मानें तो काम की तलाश में वो इधर-उधर भटक रहा था। तभी करीब छह महीने पहले प्रयागराज के करेली मोहल्ला निवासी एक जालसाज से मुलाकात हुई। आरोप है कि जालसाज ने खुद को रेलवे अधिकारी का रिश्तेदार बताते हुए रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद चार लाख रुपये की मांग की। पीड़ित का कहना है कि उसने खुद के साथ पड़ोस में रहने वाले अपने दोस्त से भी चार लाख रुपया लेकर जालसाज को दे दिया। पहले तो जालसाज आज-कल करके मामले को टालता रहा। अब रुपया मांगने पर जानलेवा धमकी देता है। इससे परेशान युवक शनिवार को तहरीर देने मंझनपुर आए थे। तबादला होने के कारण एसपी बैठे नहीं थे। बाकी अधिकारी समाधान दिवस में गए थे। लिहाजा किसी से भी भेंट नहीं हुई।