इलाके के उदाथू गढ़वा गांव में रहने वाले एक व्यक्ति से पट्टीदारों ने झांसा देकर करीब 20 लाख रुपया कीमत की भूमि का बैनामा करा लिया। इसके बाद शनिवार सुबह घर में घुसकर उसकी और उसकी पत्नी की पिटाई की। पीड़ित की तहरीर लेकर पुलिस घटना की जांच कर रही है। उदाथू गढ़वा निवासी नरेश पुत्र नथन किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। उसने बताया कि जून 2020 में पट्टीदार उसे किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर चायल तहसील ले गए और वहां तकरीबन 20 लाख रुपया कीमत की भूमि का बैनामा करा लिया।
चार रोज बाद पीड़ित को इसकी जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। उसने आपत्ति लगाने के साथ कोर्ट में केस भी दर्ज कराया। आरोप है कि अब पट्टीदार इसी मामले में समझौते का दबाव बना रहे हैं। ऐसा नहीं करने पर शनिवार सुबह उन लोगों ने घर में घुसकर नरेश तथा उसकी पत्नी रेखा देवी की पिटाई शुरू कर दी। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस ने आरोपी एक युवक को हिरासत में ले लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है। फिलहाल केस नहीं दर्ज किया गया है।