रेलवे ठेकेदार के साथी ने हड़प लिए 14 लाख रुपये
पोकलैंड खरीदकर 3.50 लाख दिया, बाकी रकम कर गया हजम, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। दोआबा में रहने वाले एक रेलवे ठेकेदार के उसके साथी ने 14 लाख रुपये हड़प लिए। पोकलैंड खरीदकर 3.50 लाख रुपया नगद दे दिया। बाकी रकम हजम कर गया। मामले में अदालत के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के टेंगाई निवासी बलबीर सिंह चौहान जनसत्ता दल के नेता होने के साथ रेलवे में ठेकेदारी भी करते हैं। ठेकेदारी का काम उनके भाई काली देखते हैं। बलबीर की मानें तो वर्ष 2016 में कानपुर से झांसी तक रेलवे की डबल लाइन का काम चल रहा था। इसी में मेरठ निवासी अभिषेक सिंह का भी ठेका था। अभिषेक ने बलबीर से उनकी पोकलैंड मशीन 17.50 लाख रुपये में तय की। 3.50 लाख रुपया उसने नकद दे दिया। इसके बाद बाकी रकम देने में आनाकानी करने लगा। दबाव बनाने पर पांच-पांच लाख रुपये की दो फर्जी चेक दे दी। चेक बाउंस पर पीड़ित बलबीर के होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि धोखाधड़ी की शिकायत तभी पुलिस से की गई थी। पर, पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। इससे परेशान होकर बलबीर ने कोर्ट में अर्जी दाखिल कर दी। बुधवार को अदालत के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मामले में नगर कोतवाल उदयवीर सिंह का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर प्रकरण की जांच कराई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।