कोखराज के चमरूपुर गांव के समीप रविवार भोर में कोहरे के कारण अनियंत्रित हुई कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, जिससे कार सवार भाजयुमो के जिला मंत्री समेत दो लोगों की मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री करारी के एड़हरा गांव निवासी मनीष मौर्या (28) शनिवार को किसी काम से कोखराज के सिंघिया निवासी फ्रिज, वाशिंग मशीन सर्विस सेंटर के संचालक धीरज कुशवाहा (29) और मसीपुर निवासी संजय मौर्या (27) के साथ वाराणसी गए थे। देर रात तीनों लोग कार से घर के लिए निकले थे।
सुबह चमरूपुर गांव के समीप इनकी तेज रफ्तार कार घने कोहरे में अचानक अनियंत्रित हो गई। पेड़ से जोरदार टक्कर के बाद तीनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर आई कोतवाली पुलिस ने तीनों को कार से बाहर निकाला और एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजवाया। अस्पताल में परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने मनीष और धीरज को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल संजय को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया।