विधान सभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियों को अमली जामा पहनाना शुरू कर दिया है। चुनाव के दौरान बूथों पर परिंदा पर न मारे। इसके लिए पैरामिलिट्री के जवानों ने कौशाम्बी में डेरा डाल दिया है। निर्भीकता के साथ मतदान करने को सोमवार को जवानों ने मंझनपुर समेत आधा दर्जन ग्रामीण इलाकों में फ्लैग मार्च कर लोगों को शांति का पैगाम दिया।
निर्भीकता के साथ मतदान करने को सोमवार को पैरामिलिट्री के जवानों ने आवाम के बीच संदेश दिया कि हम किसी से कम नही...। पैरामिलिट्री के जवानों की एक कंपनी रविवार की रात कौशाम्बी में डेरा डाल दिया है। जवानों की यह टोली लगातार तीनों सर्किल में रोजाना फ्लैग मार्च करेगी। इसके लिए पुलिस अफसरों ने खाका तैयार कर लिया है। सीओ की देखरेख में जवानों की टोली कस्बों के साथ ग्रामीण इलाकों में भ्रमण कर लोगों को शांति और निर्भीकता के साथ मतदान करने का संदेश देगी। शाम को एसपी वीके मिश्र ने पैरामिलिट्री के साथ मंझनपुर का भ्रमण किया।