पांच से 10 प्रतिशत बढ़ाया गया टोल
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। लॉकडाउन हटते ही हाईवे पर सफर करना महंगा हो जाएगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने टोल में पांच से 10 प्रतिशत की वृद्धि कर दिया है। विभाग ने हल्के वाहनों पर एक तरफ के लिए प्रति वाहन पांच रुपये व कामर्शियल की 15 से 25 रुपये की बढ़ोतरी की है।
एनएचएआई हर साल नए वित्तीय वर्ष में टोल में बदलाव करता है। इस बार भी एक अप्रैल से टैक्स की दरों में इजाफा किया गया है। ऐसे में लॉकडाउन हटते ही राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर सफर करना महंगा हो जाएगा। बताते चलें कि एनएचएआई जिले की सीमा में कोखराज (सिहोरी) के रास्ते दाखिला लेने पर वसूली करता है। सिहोरी टोल प्लॉजा के डीपीएम जीपी चतुर्वेदी ने बताया कि लॉकडाउन के कारण फिलहाल टोल पर वसूली बंद है। केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े मालवाहक वाहन ही मुफ्त में निकाले जा रहे हैं। फिर भी हमेशा की तरह इस बार भी वित्तीय वर्ष 2020-21 का नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। कार और जीप के टोल में पांच रुपये का इजाफा किया गया है। सबसे अधिक बढ़ोतरी ओवरसाइज वाहन के टोल में की गई है। लॉक डाउन हटते ही नई दरों से वसूली प्रारंभ कर दी जाएगी।