रिटायर्ड शिक्षक के खाते से पांच लाख उड़ाए
करारी का मामला, जांच में जुटी पुलिस
करारी। कस्बे में रहने वाले एक रिटायर्ड शिक्षक के खाते से साइबर अपराधियों ने एटीएम कार्ड का पिन नंबर पूछकर करीब पांच लाख रुपये खाते से पार कर दिए। पीड़ित ने रविवार को पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
करारी कस्बा निवासी मनोहर दास रिटायर्ड शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल पर करीब 15 दिन पहले अंजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताते हुए एटीएम कार्ड का पिन नंबर पूछा। इसके बाद कई किस्तों में खाते से करीब पांच लाख रुपये पार कर दिए। शुक्रवार को बैंक शाखा पहुंचने पर जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। शिक्षक ने खाता लॉक कराया। रविवार को स्थानीय पुलिस से शिकायत की। मामले में करारी एसओ राजेश सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में है। साइबर सेल की मदद से खुलासे का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा। बताते चलें कि इस तरह की घटनाएं दोआबा में आए दिन हो रही हैं। इसके बाद भी लोग सतर्क नहीं हो रहे हैं।