मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए पांच मवेशी चोर
कड़ा कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बडनवा में हुई थी पुलिस मुठभेड़
बदमाशों के पास से तीन तमंचा, कारतूस व पिकअप वाहन बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। कड़ा धाम कोतवाली पुलिस ने शनिवार रात रामपुर बडनावां के जंगल में मुठभेड़ के दौरान पांच बदमाशों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। इनके पास से पुलिस ने तीन तमंचा, दो खोखा, एक कारतूस व चोरी गए मवेशी को बेचने के एवज में मिले करीब 19 हजार रुपये बरामद किए हैं। बदमाशों के पास से मवेशी चोरी करने में इस्तेमाल की जाने वाली पिकअप भी बरामद हुई है।
कड़ा धाम कोतवाली के इंस्पेक्टर अशोक कुमार को रविवार रात सूचना मिली कि कुछ बदमाश रामपुर बडनावां के जंगल में किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से खड़े हैं। पुलिस ने मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबंदी कर दी। बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पांच बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली अंतर्गत हरदों लाखीपुर निवासी तौहसीन पुत्र लल्लन, हथगाम कोतवाली के बनियापुर निवासी सोनू उर्फ चांद और कड़ा कोतवाली के सौरई बुजुर्ग गांव निवासी सुमित पाल पुत्र ननकू, बल्लू पुत्र नजर और राहुल पुत्र नंदलाला के रूप में हुई। पुलिस ने सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया। बदमाशों ने अलीपुरजीता से एक भैंस चोरी करके उसे फतेहपुर में बेचने की बात कुबूल की। इसके अलावा महेवाघाट इलाके में चोरी की घटना को उन्होंन कुबूल किया। बदमाशों ने बताया कि वह खरीदार बनकर गांव में पशु पालकों के पास जाते थे। मवेशी पसंद होने पर उसकी रेकी करके चोरी कर लिया जाता था। इंस्पेक्टर का कहना है कि मवेशी चोरों के एक बड़े गैंग का खुलासा हुआ है। जल्द है कि गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी किया जाएगा।