एयरपोर्ट कोतवाली के चिरला मुंजप्ता गांव के बाहर सोमवार की शाम ट्रैक्टर लेकर जा रहे चालक पर पुरानी रंजिश के चलते कार सवार हमलावरों ने तमंचे से फायर किया। उसने चलते ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचाई। हमलावरोें ने ट्रैक्टर में तोड़फोड़ भी की।
रमेश सिंह ने बताया कि सोमवार की शाम वह ट्रैक्टर और थ्रेसर लेकर गेहूं की मड़ाई करने खेत की तरफ जा रहा था। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर कार सवार गांव के ही चार लोग उसे रास्ते में मिले और रास्ता रोकते हुए गालीगलौज करने लगे। रमेश ट्रैक्टर दूसरी तरफ घुमाकर जाने लगा तो हमलावरों ने उस पर तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी।
उसने कूदकर अपनी जान बचाई और झाड़ियोें में जा छिपा। फोन से डॉयल-112 पुलिस को सूचना दी। तब तक हमलावर ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त कर भाग निकले। घटनास्थल से पुलिस को 315 बोर के कई खोखे मिले हैं। थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों के बीच आपसी रंजिश है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।