पुरानी रंजिश में दूधिये पर झोंका फायर, दहशत
घटना के बाद आरोपी फरार, पीड़ित को थाने पर बैठाया
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पिपरी के बूंदा टिकुरी गांव में गुरुवार की शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने दूधिये पर कई राउंड गोलियां चलाईं। इसमें दूधिया तो बाल बाल बच गया लेकिन गांव में दहशत मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित युवक को हिरासत में ले लिया है जबकि आरोपी मौके से फरार है।
बूंदा टिकुरी निवासी संजय कुमार पुत्र जगन्नाथ की पुरानी रंजिश पड़ोसी गांव दूल्हापुर निवासी दीपक पुत्र अनिल कुमार से चल रही है। दोनों में तनातनी का माहौल है। आरोप है कि गुरुवार की शाम को दूधिया संजय कुमार अपने घर के दरवाजे पर बैठा था। इसी समय दीपक बाइक लेकर उधर से गुजरा और तमंचे से निशाना साधते हुए संजय के ऊपर फायरिंग कर दिया। किसी तरह संजय ने घर मे घुस कर अपनी जान बचाई। दीपक धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से गांव में दहशत मच गई। सूचना पर पहुंची पिपरी पुलिस ने पीड़ित संजय को पूछताछ के लिए हिरासत में किया है। इंस्पेक्टर पवन त्रिवेदी का कहना है कि घटना में आरोपी फरार है। दोनों की पुरानी रंजिश है। संजय से पूछताछ की जा रही है।