पहाड़पुर कोदन गांव में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में लगी आग को बुझाते फायर कर्मी। स्रोत: सोशल मीडिय
सैनी कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर कोदन गांव में बृहस्पतिवार रात इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में आग लग गई। हादसे में करीब चार लाख रुपये कीमत का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गांव निवासी अमित कुमार साहू ने चौराहे पर दुकान खोल रखी है। वह बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। रात करीब नौ बजे दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलती देखकर आसपास के लोगों को जानकारी हुई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके।
सूचना मिलने पर अमित कुमार भी मौके पर पहुंच गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। पीड़ित व्यापारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।
थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। फायर ब्रिगेड को जानकारी दी गई जिसे समय पर बुझा लिया गया। आग लगने के कारण की जांच की जा रही है।