कस्बा के भागौतीगंज में बुधवार शाम सराफा कारोबारी से सोने-चांदी से भरा बैग लूटने का प्रयास करने वाले नकाबपोश बदमाशों के खिलाफ पीड़ित की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई। एफआईआर के अनुसार, बुद्धपुरी मोहल्ला निवासी महेश कुमार स्वर्णकार ने बताया कि बुधवार शाम करीब छह बजे दुकान बंद कर बेटे अनुभव के साथ सोने-चांदी से भरा बैग लेकर घर के लिए निकले। आरोप है कि रास्ते में नकाबपोश बदमाश बैग छीनने लगे, लेकिन आभूषण कारोबारी जमीन में गिरने के बाद भी बैग नहीं छोड़ा। शोर मचाने पर स्थानीय लोग बदमाशों के पीछे दौड़े तो बैग छोड़ कर बदमाश फुलवारी की तरफ भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार सुबह सराफा कारोबारी ने कोतवाली में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच में जुट गई है। संवाद