पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र में रविवार रात सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत के मामले में मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के बरैसा गांव निवासी लक्ष्मी देवी पत्नी गोपी रैदास के अनुसार, उनका पुत्र जितेंद्र कुमार अपने रिश्तेदार धर्मसेन पुत्र मातादीन, अनिल कुमार पुत्र राममूरत रैदास और गांव के श्रीचंद पुत्र प्रेमचंद के साथ 14 दिसंबर की रात करीब आठ बजे बाइक से टेवां बाजार जा रहे थे। कुआंडीह गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे की ओर न तो लाइट लगी थी और न ही रिफ्लेक्टर।
आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डॉक्टरों ने जितेंद्र कुमार, धर्मसेन और अनिल कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, श्रीचंद की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित लक्ष्मी देवी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।