सरायअकिल कोतवाली पुलिस ने लेखपाल पर हमला करने की आरोपी बसुहार गांव की निवर्तमान ग्राम प्रधान व उनके पति समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। लेखपालों के विरोध प्रदर्शन और डीएम अमित कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई की है। लेखपाल संघ ने डीएम से हमलावरों पर रासुका लगाने के साथ ही उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की भी मांग उठाई है।
चायल तहसील के बसुहार गांव में मंगलवार को विवादित भूमि की पैमाइश के लिए तहसीलदार रामजी के साथ गए लेखपाल पवन कुमार राय पर निवर्तमान प्रधान सुनीता देवी और उसके पति निर्भय मिश्रा ने हमला किया था। इस दौरान तहसीलदार रामजी ने भागकर अपनी जान बचा बचाई।
लेकिन, लेखपाल को आरोपियों ने जमकर पीटा था। पीड़ित लेखपाल की तहरीर के बाद भी सरायअकिल पुलिस ने एफआईआर नहीं दर्ज की थी। कार्रवाई नहीं होने से नाराज लेखपाल संघ चायल ने कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी थी। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अड़े लेखपालों ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह से मुलाकात की।
लेखपालों ने आरोपी निवर्तमान प्रधान और उसके पति के खिलाफ रासुका के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए जेल भेजने और आरोपियों के नाम से जारी शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की मांग उठाई। लेखपालों की मांग पर डीएम ने सरायअकिल पुलिस को फटकार लगाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। मामले में डीएम की फटकार के बाद पुलिस ने निवर्तमान प्रधान और उसके पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।