मनोरंजन कर अधिकारी ने पुरामुफ्ती कोतवाली में दर्ज कराया केस
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। चायल तहसील इलाके के शेरगढ़ गांव में भोजपुरी फिल्म माई का बेरूआ की शूटिंग कर रहे फिल्म डायरेक्टर और उनके सहयोगियों के खिलाफ मंगलवार को पुरामुफ्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज हो गई है। मनोरंजन कर अधिकारी ने बताया कि फिल्म डायरेक्टर बगैर किसी अनुमति के यहां शूटिंग कर रहे थे। उधर, पुलिस ने मनोरंजन कर अधिकारी से मिली तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
कौशाम्बी की छटा को सिनेमा के पर्दे में दिखाने के लिए द्वाबा आए भोजपुरी फिल्म डायरेक्टर संजय श्रीवास्तव और निर्माता हसीन सईद अहमद फंस गए हैं। बगैर अनुमति के यहां फिल्म की शूटिंग करना भारी पड़ गया। मनोरंजन कर अधिकारी ने फिल्म के निर्माता और निर्देशक के खिलाफ तहरीर देकर पुरामुफ्ती कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। बता दें कि मूरतगंज ब्लाक के शेरगढ़ में माई के बेरूआ फिल्म की शूटिंग शुक्रवार से शुरू है। शूटिंग का शुभारंभ सपा विधायक वाचस्पति ने किया था। फिल्म में हसीन खान हीरो और अंजना सिंह हीरोइन की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म की शूटिंग शेरगढ़ के अलावा देवीगंज, कड़ाधाम , हाईवे पर किया जाना था। मनोरंजन कर अधिकारी सुुनील कुमार ने बताया जा रहा है कि 95 लाख रुपये से बन रही इस फिल्म की शूटिंग बिना अनुमति के कराई जा रही थी। मामले में एसओ ने बताया कि मनोरंजन कर अधिकारी की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है। वहीं जब इस मामले में फिल्म के निर्देशक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे बात नहीं हो सकी।