युवक की मौत में तीन के खिलाफ हत्या का केस
मंझनपुर इलाके के महमदपुर गांव में गुरुवार रात हुई थी घटना
मंझनपुर। नगर कोतवाली इलाके के महमदपुर गांव के समीप गुरुवार रात हुई युवक की मौत मामले में पत्नी सहित तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। इस घटना के बाद शुक्रवार को कोतवाली से लेकर चौराहे तक जमकर हंगामा हुआ था।
मंझनपुर इलाके के रघवापुर गांव का शिवकरन साहू (32) पुत्र ओमप्रकाश किसानी करके परिवार का खर्च चलाता था। उसकी ससुराल देवखरपुर में है। गुरुवार शाम वह पत्नी को छोड़ने ससुराल गया था। इसके बाद देर रात महमदपुर के समीप नहर में कीचड़ के बीच उसकी लाश पड़ी मिली थी। घटना से गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने मृतक की पत्नी तथा साले पर हत्या का आरोप लगाते हुए शुक्रवार सुबह कोतवाली का घेराव किया था। बाद में शव पोस्टमार्टम से आने के बाद मंझनपुर चौराहे पर चक्काजाम कर दिया था। जाम गांव के मुख्य तिराहे पर भी लगाया गया था। दबाव बढ़ता देख पुलिस ने देर रात मृतक के पिता की तहरीर पर पत्नी रेखा, साले मुकेश व एक अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया। मामले में नगर कोतवाल उदयवीर सिंह का कहना है कि प्रकरण की बारीकी से जांच कराई जा रही है। दोषियों पर ही कार्रवाई होगी। किसी भी निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा।