कोखराज में गुरुवार रात परिजनों के साथ घर के बाहर चारपाई पर सो रहे एक अधेड़ की हत्या कर दी गई। अधेड़ के गले की हड्डी टूटी थी, व सिर के पीछे चोट के निशान थे। कोखराज एसओ अधेड़ की मौत को बीमारी से होना बता रहे हैं।
कोखराज निवासी सियाराम (55) पुत्र माधव खेती करता था। गुरुवार रात वह अपनी पत्नी राजकली व बेटे रानू के साथ घर के बाहर सो रहा था। सुबह काफी देर तक जब वह नहीं उठा तो पत्नी उसे जगाने पहुंची तो देखा कि बिस्तर पर सियाराम की लाश पड़ी है। सियाराम के नाक व कान से खून निकला था। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर कोखराज एसओ विनोद यादव पहुंचे। परिजनों से पूछताछ कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोखराज पुलिस ब्रेन हैमरेज से सियाराम की मौत होने की बात कह रही थी, जबकि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे थे। पोस्टमार्टम के दौरान चौंकाने वाली जानकारी मिली। सियाराम के गले की हड्डी टूटी थी, साथ ही उसके सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान थे।
पुलिस के दावे पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट भारी पड़ गई है। पीएम रिपोर्ट का पता चलते ही कोखराज थाने की पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को हत्या की तहरीर दी है। वहीं पुलिस अधीक्षक वीके मिश्र का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। दोपहर तक परिजनों की ओर से तहरीर भी नहीं दी गई थी। यदि घटना हुई है तो आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे।