कोखराज थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 की सुरक्षा रेलिंग बीम पोस्ट स्पेसर के नट-बोल्ट को काटकर अवैध कट बनाने के आरोप में होटल संचालक के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
नेशनल हाईवे-19 के अधिकारी अजीत सिंह ने कोखराज पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चकेरी से प्रयागराज सीमा तक हाईवे पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लगाए गए बीम पोस्ट, स्पेसर और नट-बोल्ट जैसी सुरक्षा संरचनाएं वाहनों को अनियंत्रित होकर खतरनाक स्थानों से टकराने से बचाती हैं।
हाल ही में उपजिलाधिकारी सिराथू के निर्देश पर हाईवे किनारे होटल, पेट्रोल पंप और अन्य प्रतिष्ठानों के बनाए हुए सभी अवैध कट बंद कराए गए थे। इस दौरान संबंधित होटल संचालक ने कार्रवाई का विरोध किया और कर्मचारियों से अभद्रता भी की। आरोप है कि उसने चेतावनी दी थी कि कट बंद होने के बाद वह दोबारा रास्ता खोल देगा।
तहरीर के अनुसार रविवार को राधे-राधे होटल के संचालक ने हाईवे की सुरक्षा रेलिंग में लगे बीम पोस्ट, स्पेसर और नट-बोल्ट काटकर दोबारा अवैध कट बना दिया। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग की सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना हाईवे कंट्रोल रूम और पेट्रोलिंग टीम को मिलने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
कोखराज पुलिस ने तहरीर के आधार पर होटल संचालक के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और नियमों के उल्लंघन समेत संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।