रसूलपुर गिरसा में पिटाई से घायल गुलाब पासी।
कोखराज कोतवाली के रसूलपुर गिरसा गांव में भूमि विवाद में हुई मारपीट में अधिवक्ता समेत पांच लोग जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया। तहरीर लेकर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
रसूलपुर गिरसा निवासी सत्येंद्र यादव ने बताया कि रविवार की सुबह वह चौराहा स्थित अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान कुछ दूरी पर शोरगुल सुनाई दिया। स्थानीय एक भाजपा नेत्री के ललकारने पर हमलावरों ने गुलाब पासी व उसकी पत्नी आशा, बेटे विजय पर हमला बोल दिया। कुनबे के साथ मारपीट देख वह भाई छविराम एडवोकेट के साथ बीच-बचाव करने पहुंचा तो हमलावरों ने उन्हें भी पीट दिया। लोहे की राॅड से प्रहार कर छविराम का सिर फोड़ दिया। मरणासन्न हालत में देख आरोपी हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। आरोप है कि स्थानीय भाजपा नेत्री के इशारे पर झगड़ा हुआ है। घायल अधिवक्ता छविराम व गुलाब पासी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहीं आशा देवी, विजय और सत्येंद्र का इलाज सीएचसी सिराथू में चल रहा है। सूचना के बाद एसडीएम सिराथू महेंद्र श्रीवास्तव, सीओ अवधेश विश्वकर्मा मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। सीओ सिराथू ने बताया कि छत का निर्माण कार्य कराते समय पटरा दूसरे पक्ष के जमीन की तरफ निकलने को लेकर विवाद हुआ है। दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रसूलपुर गिरसा में पिटाई से घायल गुलाब पासी।
रसूलपुर गिरसा में पिटाई से घायल गुलाब पासी।