परिषदीय विद्यालयों में मनेगा वार्षिकोत्सव, अभिभावकों संग होगी बैठक
तय की गई हर तीन माह में अभिभावकों के साथ बैठक की समय सारिणी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। परिषदीय स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वार्षिकोत्सव मनाने का निर्देश जारी किया गया है। वहीं शैक्षिक सत्र में हर तीन माह में एक बार अभिभावकों संग बैठक करने का भी निर्णय लिया गया है। दोनों गतिविधियों से संबंधित तिथियां व समय-सारिणी घोषित कर दी गई हैं। अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने डीएम और बीएसए को इस बाबत पत्र भेजा है।
पत्र में हर तीन माह पर शिक्षक-अभिभावक की बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। इसके तहत जनवरी, अप्रैल, जुलाई तथा अक्तूबर माह के दूसरे सोमवार को विद्यालय में प्रात: 11 बजे से 12 बजे के मध्य अभिभावकों को बुलाया जाए। सोमवार को अवकाश होने की स्थिति में बैठक अगले कार्य दिवस में आयोजित की जाएगी। बैठक में विद्यालय के सभी अध्यापकों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। अभिभावकों को बैठक में बुलाने के लिए दो दिवस पूर्व ही छात्रों की नोटबुक में लिखित रूप से अभिभावकों को सूचित किया जाएगा। इसके अलावा फरवरी में बच्चों की सर्वांगीण विकास के लिए वार्षिकोत्सव का आयोजन किया जाए। ताकि बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा निखर सके। प्रभारी बीएसए स्वराज भूषण त्रिपाठी ने बताया कि कंपोजिट ग्रांट में से 10 प्रतिशत धनराशि वार्षिकोत्सव में खर्च की जाएगी।
-------
बैठक के दौरान इन बिंदुओं पर चर्चा होगी
मंझनपुर। शिक्षक-अभिभावक बैठक में छात्र-छात्राओं की विद्यालय में उपस्थिति, परीक्षाफल, व्यवहार संबंधी रिपोर्ट, प्रगति एवं अन्य क्रिया-कलाप को मुख्य बिंदु बनाया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापरक शिक्षा में विद्यार्थियों के लर्निंग आउटकम एवं अध्यापनकार्य के लिए किए जा रहे प्रयास जैसे दीक्षा एप आदि को लेकर भी चर्चा होगी।