ऊनो गांव की रहने वाली विवाहिता दीपिका तिवारी के शव का शुक्रवार शाम को मायके और ससुराल पक्ष की मौजूदगी में पोस्टमार्टम हुआ। बेटे को गोद में लिए पति शिवम तिवारी की आंखें नम दिखीं। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि दीपिका की दाहिनी कनपटी पर बेहद करीब से गोली मारी गई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जैसे ही शाम को एंबुलेंस दीपिका का शव लेकर पहुंची, मां, दोनों बहनें और ससुराल से आई महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सभी शव से लिपटकर रोने लगीं। पति शिवम ने जैसे ही पत्नी का चेहरा देखा, वह बेटे को सीने से लगाए वहीं बैठ गया और जोर-जोर से बिलख उठा। उसकी इस हालत को देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
आरोपी युवक मौसेरा भाई अजीत कुमार मिश्रा दीपिका के प्रति झुकाव रखता था। परिवार के नजदीकी रिश्ते के कारण वह अक्सर दीपिका के संपर्क में रहता था, जिसके चलते उसके मन में गलत लगाव पनप गया।
उधर, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दीपिका से एकतरफा प्रेम करता था और उसे अपने साथ रखना चाहता था, लेकिन दीपिका ने पति और परिवार को छोड़ने से इन्कार कर दिया।
इसी तनाव में उसने तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है। शुक्रवार को पुलिस विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
सीओ मंझनपुर शिवांक सिंह ने बताया घटना में प्रयुक्त तमंचा और खोखा कारतूस बरामद कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा दिया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही।