सैनी कोतवाली के भक्तन का पुरवा में ब्याही एक विवाहिता की मंगलवार को अस्पताल में मौत हो गई। गर्भवती बेटी का शव लेकर कोतवाली पहुंचे पिता का आरोप है कि ससुरालियों की पिटाई से उसकी मौत हुई है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चरवा कोतवाली के दुर्गापुर निवासी खुद्दा सिंह ने बताया कि उसने अपनी बेटी सुनीता देवी(25) की शादी सात मई 2017 को सैनी क्षेत्र के भक्तन का पुरवा निवासी कमलेश कुमार पुत्र रामजीत के साथ किया था। शादी में अपनी क्षमता के हिसाब से उपहार भी दिया था, लेकिन कुछ दिन बाद से ही ससुराली सुनीता को दहेज की मांग को लेकर प्रताडि़त करने लगे थे। सुनीता इन दिनों सात महीने की गर्भवती थी। इसके बावजूद ससुरालियों का उत्पीड़न कम नहीं हुआ। आरोप है कि 31 जनवरी को पति कमलेश ने गर्भवती बीवी को मारपीट कर घर से भगा दिया था। किसी तरह मायके पहुंची बेटी की हालत खराब होने पर उन लोगों ने प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। मंगलवार को इलाज के दौरान सुनीता की मौत हो गई। इसके बाद खुद्दा अपनी गर्भवती बेटी का शव अस्पताल से लेेकर सीधे सैनी कोतवाली पहुंचा और घटना की तहरीर दी। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति कमलेश और ससुर रामजीत के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है। पीएम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।