संदीपनघाट कोतवाली इलाके के एक गांव में ब्याही विवाहिता की हंसती-खेलती गृहस्थी में ससुर ने जहर घोल दिया। विवाहिता का आरोप है कि ससुर ने उसकी इज्जत से खिलवाड़ करना चाहा। विरोध करने पर मारपीट कर आधी रात अबोध बेटी सहित घर से निकाल दिया। बिरादरी के लोगों के समझाने के बाद भी ससुराल वाले नहीं माने। शिकायत पर एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने आरोपी ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
प्रयागराज के धूमनगंज इलाके की एक विवाहिता का कहना है कि दो वर्ष पहले उसकी शादी संदीपनघाट कोतवाली इलाके में रहने वाले युवक से हुई थी। पति ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। पति की गैर मौजूदगी में ससुर ने कई बार उसके साथ अश्लील हरकत की। पति से शिकायत किया तो उसने खामोश करा दिया। इस बीच ससुर मायके से अतिरिक्त दहेज मांगा और लाने की जिद करने लगे।
पीड़ित बहू ने एसपी को बताया कि जब उसके भाई की शादी में बाइक मिली तब से उसे ज्यादा परेशान किया जाने लगा। चार महीने पहले विवाहिता ने बेटी को जन्म दिया तो उत्पीड़न और भी बढ़ गया। आरोप लगाया कि 20 मई की रात पति, ससुर ने साथियों के साथ मिलकर उसे पीटा व मायके मिले से मिले जेवरात छीनकर घर से भगा दिया। मोबाइल भी तोड़ डाला गया।
किसी तरह मायके पहुंच कर पीड़िता ने अपनों को आपबीती बताई तो रिश्तेदारों को खबर दी गई। रिश्तेदारों ने भी ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। बुधवार को विवाहिता ने एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव से शिकायत की है। एसपी ने संदीपनघाट कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।