Kaushambi : बच्चे को चुल्ले से लटकाने का वायरल वीडियो।
- फोटो : अमर उजाला।
अच्छी शिक्षा देने के चक्कर में एक पिता ने अपने सात वर्षीय बेटे को ऐसी सजा दी कि जिसने देखा उसकी रूह कांप गई। ककहरा नहीं सुना पाने से नाराज पिता ने बेटे को पीटने के बाद दोनों हाथ बांध कर उसे रस्सी के सहारे छत के चुल्ले से लटका दिया। घटना का वीडियो बनाकर किसी ने शनिवार को सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। इसे संज्ञान लेकर पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लिया। लेकिन, तहरीर नहीं मिलने पर आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की गई।
सदर कोतवाली के देवखरपुर गांव निवासी अजहर मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता है। घर में उसकी पत्नी एलिया अपने सात वर्षीय बेटे व दिव्यांग बेटी के साथ रहती है। अजहर ने बताया कि उसका जीवन तो मजदूरी करते खप गया, लेकिन वह बेटे को अपने जैसा नहीं बनाना चाहता है। बेटे का पढ़ाई में तनिक भी मन नहीं लगता है। बेटे को अच्छी शिक्षा मिले, इसके लिए उसने उसे मंझनपुर के एक निजी स्कूल में दाखिला दिलाया। वह पहली कक्षा का छात्र है।
शनिवार को अजहर काम पर नहीं गया। दोपहर में वह बेटे को पढ़ाने बैठा और ककरहा पूछा। इस पर वह ककहरा नहीं सुना सका। इसे लेकर अजहर का पारा चढ़ गया। उसके मुताबिक बेटे के मन में डर पैदा करने के लिए उसने उसके दोनों हाथ रस्सी से बांध कर छत के चुल्ले से लटका दिया, जिसका किसी ने वीडियो बना लिया। इंस्पेक्टर संतोष शर्मा का कहना है मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर चालान किया गया है।