कानेमई के रघुवीरपुर गांव में शांती देवी की मौत पर गमजदा परिजन। संवाद
दिल्ली-हावड़ा रेल लाइन पर बुधवार दोपहर एक किशोरी का शव मिला। उसकी शिनाख्त कानेमई गांव की रहने वाली शांति देवी (16 ) के रूप में की गई है। वह बुधवार से लापता थी। उसकी खोजबीन कर रहे परिजन झाड़-फूंक भी करा रहे थे। सूचना पर पथरावां पुलिस चौकी पहुंचे पिता ने फोटो देखकर उसकी पहचान अपनी बेटी के रूप में की और रोने लगे।
सैनी स्थित धुमाई रेलवे क्राॅसिंग की पूरब अप लाइन पर जिस किशोरी का शव मिला, उसके सिर में पीछे की तरफ चोट के निशान थे। शव को बेटी शांति का बताते हुए पिता संतोष ने कहा कि वह बुधवार सुबह मवेशियों को चराने गया था। शाम को लौटा तो पत्नी ने बताया था कि शांति दोपहर से गायब है।
पथरावां चौकी प्रभारी आलोक कुमार को शांति के पिता संतोष ने बताया कि वह दो महीने से मानसिक रूप से बीमार थी। इलाज करा रहे थे कि नहीं, यह पूछने पर संतोष ने बताया कि झाड़-फूंक करा रहे थे। इंस्पेक्टर जयचंद्र शर्मा का कहना है कि मृतका के सिर में चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।