कौशाम्बी में नकली खाद बनाने की फैक्टरी पकड़ी गई।
- फोटो : संवाद।
कृषि विभाग की टीम ने मंगलवार को कोखराज थाना क्षेत्र के असदुल्लापुर रोही गांव में नकली खाद बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। मौके पर पांच मजदूर नमक और केमिकल मिलाकर पोटाश तैयार कर रहे थे। सभी को हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने बताया कि सरिया-सीमेंट कारोबारी के निर्देश पर काम कर रहे थे।
जिला कृषि अधिकारी सुरुचि विश्वकर्मा को नकली उर्वरक बनाए जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने डीडी कृषि सत्येंद्र कुमार तिवारी के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की योजना बनाई। मंगलवार को टीम ने गांव में दबिश दी तो वहां विनय पटेल, देशराज, नरेश, हरिश्चंद्र और रामजीत नामक मजदूर नकली पोटाश तैयार करते मिले।
पूछताछ में मजदूरों ने बताया कि वे भरवारी निवासी भगवानदास केसरवानी और उनके पुत्र नितिन केसरवानी के निर्देश पर काम कर रहे थे। मौके से टीम को भारी मात्रा में नमक और केमिकल मिला जिनके नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। जिला कृषि अधिकारी ने कोखराज पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नमक से बरबाद होगी फसल
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि नकली खाद से खेत की फसल तो कम प्रभावित होती। जिस प्रकार से यह नमक का प्रयोग कर तैयार की जा रही थी। वह ज्यादा नुकसानदायक है। नमक का प्रयोग खेत में होता तो मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती। खेत के बंजर होने की संभावना बढ़ जाती।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
मंझनपुर। भरवारी निवासी भगवानदास केसरवानी मूल रूप से सीमेंट-सरिया का कारोबारी हैं। पिछले वर्ष भी नकली खाद बनाने का आरोप लगा था। मेहता रोड स्थित उसके घर की पहली मंजिल से उस समय कृषि विभाग की टीम ने इफको की डीएपी, दयाल जिंक, पैकिंग मशीन और भारी मात्रा में खाली बोरियां बरामद की थीं। उस मामले में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद भगवानदास एक बार फिर नकली खाद बनाने के धंधे में भगवानदास का नाम आया है।