मंझनपुर। अस्पताल में पार्टनर बनाने का झांसा देकर एक युवक ने साथी को 2.50 लाख की चपत लगा दी। जिस अस्पताल में पार्टनर बनाने की बात कही गई वहां पहले से कई साझीदार थे। युवक ने पार्टनर बनने से मना कर पैसा मांगा तो उसे धमकी दी गई है। अदालत के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 19 अक्तूबर को मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महेवाघाट कोतवाली के घोघ पुरवा निवासी राहुल कुमार ने बताया कि उसने मंझनपुर में मेडिकल स्टोर खोल रखा है। वर्ष 2021 में उसकी मुलाकात पश्चिमशरीरा कोतवाली के भवानी का पुरवा निवासी रितेश कुमार से हुई। रितेश ने खुद को अस्पताल संचालक बताया। कहा कि फतेहपुर के खखरेरू में उसका अस्पताल है। रितेश ने राहुल को अस्पताल का पार्टनर बनने का झांसा दिया। झांसे में आए राहुल ने पार्टनर बनने के लिए 17 दिसंबर 2021 को दो लाख रुपये रितेश को दे दिए।
इसके बाद दो बार में 40 व 20 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किया। खखरेरू जाकर पता किया तो बताया गया कि जिस अस्पताल में वह पार्टनर बनने आया वहां पहले से ही तीन साझीदार हैं। इस पर राहुल ने पैसा वापस मांगना शुरू किया। मामला खखरेरू थाने पहुंचा तो राहुल को रितेश से 10 हजार रुपये वापस कराए गए। बाकी के पैसे का समझौता किस्त पर देने के लिए हुआ। अब रितेश ने पैसा वापस करने से मना कर दिया।
पैसों के बाबत बात करने पर गाली-गलौज की जा रही है। राहुल ने घटना की शिकायत पुलिस से की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई के लिए राहुल ने अदालत का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।