मौसम में बदलाव के साथ ही ट्रेनों की रफ्तार पर भी असर पड़ने लगा है। बुधवार को भरवारी रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कई एक्सप्रेस और स्पेशल ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंचीं। इससे कानपुर, प्रयागराज, दिल्ली, वाराणसी और बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों को स्टेशन पर घंटों बैठना पड़ा। इससे उनके जरूरी काम भी प्रभावित हुए।
प्रयागराज से भरवारी होकर कानपुर की ओर जाने वाली चौरी चौरा एक्सप्रेस 45 मिनट देरी से पहुंची। सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस 24 मिनट और मेमो ट्रेन 30 मिनट की देरी से आई। वहीं, कानपुर से प्रयागराज और वाराणसी की ओर जाने वाली संगम एक्सप्रेस 37 मिनट देरी से भरवारी पहुंची। इसके अलावा चित्रकूट-कर्वी इंटरसिटी एक्सप्रेस भी 30 मिनट की देरी से आई। सबसे अधिक परेशानी स्पेशल ट्रेनों के यात्रियों को हुई। गोविंदपुरी से प्रयागराज जाने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन निर्धारित समय सुबह 6:43 बजे के बजाय 9:53 बजे पहुंची। यह तीन घंटे 10 मिनट देरी से आई। इसी तरह नारायणपुर बाजार स्पेशल ट्रेन सुबह 8:08 बजे के बजाय 11:20 बजे पहुंची। यह तीन घंटे 12 मिनट लेट रही। सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस भी 53 मिनट की की देरी से पहुंची। ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण कानपुर जाने वाले नंदू पटेल, मनीष कुमार आदि यात्री प्लेटफाॅर्म पर इंतजार करते रहे। यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों के लगातार देरी से चलने के कारण समय पर गंतव्य तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है।