गोल्डन कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ ने दो पीएचसी और एक सीएचसी के अधीक्षक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नेवादा को 80143 गोल्डन कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया गया है, जबकि अभी तक 58239 कार्ड ही बन सके हैं, जो लक्ष्य का 72.67 फीसदी है। इसी तरह सरसवां पीएचसी का लक्ष्य 91466 गोल्डन कार्ड बनाने का है।
यहां अभी तक 67762 यानी 74.06 फीसदी गोल्डन कार्ड बने हैं। वहीं सीएचसी सिराथू में अब तक 65 फीसदी गोल्डन कार्ड बने हैं। सीएचसी को 120346 कार्ड बनाने का लक्ष्य मिला है, जिसके सापेक्ष अभी तक 78470 कार्ड बनाए जा सके हैं।
गोल्डन कार्ड बनाने में तेजी लाने के लिए लगातार निर्देश देने के बाद भी तीनों स्वास्थ्य केंद्रों के स्तर पर सुधार नहीं हुआ। इस पर सीएमओ डॉ. सुष्पेंद्र कुमार ने कड़ी नाराजगी जताई।
नेवादा के अधीक्षक डॉ. मुक्तेश द्विवेदी, सरसवां के डॉ. सुनील सिंह और सिराथू के अधीक्षक डॉ. औचित्य सिंह को नोटिस जारी कर गोल्डन कार्ड बनाने में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दो दिन के अंदर धीमी प्रगति का स्पष्टीकरण भी देने के लिए कहा है।