ex village pradhan died in accident
- फोटो : KAUSHAMBI
गेरसा तिराहे पर हुई घटना, गुस्साए लोगों ने ड्राइवर को पीटकर किया पुलिस के हवाले
भरवारी। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के गेरसा तिराहे के समीप शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक पूर्व प्रधान को बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक को पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। पूर्व प्रधान की सांसें थमने से परिवार में कोहराम मच गया है।
गेरसा निवासी दयाराम यादव (55) पुत्र स्व. ननकू लाल पूर्व ग्राम प्रधान थे। रोज की तरह शुक्रवार की सुबह भी वह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। तभी गेरसा तिराहे के समीप ही मूरतगंज से मंझनपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में पूर्व प्रधान की मौके पर ही जान निकल गई। दुर्घटना के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर गड्ढ़े में कूद गया।
घटना देख गुस्साए लोगों ने ट्रक ड्राइवर संदीप यादव पुत्र इंद्रजीत यादव निवासी जगदीशपुर थाना फूलपुर जिला आजमगढ़ को पकड़कर जमकर पीटा। फिर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने जांच कर मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है। लोगों का कहना है कि भोर का वक्त होने के कारण चालक नींद में था। झपकी आने के कारण हादसा हुआ है।