मंझनपुर। भारत क्रांति रक्षक पार्टी ने निजी क्षेत्रों में भी पिछड़ी और अनुसूचित जाति को आरक्षण दिए जाने की मांग की है। पार्टी के प्रांतीय सम्मेलन में संगठन के नेताओं ने कहा कि ऐसा होने पर ही देश के उत्थान के लिए अहम है। इस मौके पर राजपासी समाज के महापुरुषों के स्मारक बनाए जाने की भी मांग उठाई गई।
मंझनपुर के डायट मैदान में रविवार को भारत क्रांति रक्षक दल का प्रांतीय सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाखन सिंह राजपासी ने कहा कि उनका संगठन गांधी, अंबेडकर और महात्मा बुद्ध के आदर्शों पर चलने वाला है। कहा कि इन सभी महापुरुषों का मानना था कि देश के प्रत्येक व्यक्ति को बराबरी का दर्जा मिले। यह तभी संभव है जब अनुसूचित जाति और पिछड़ी जाति के लोगों को निजी क्षेत्रों में भी आरक्षण दिया जाए।
उन्होंने सम्मेलन में राजपासी समाज के महापुरुषों के कृतित्व-व्यक्तित्व पर भी चर्चा की। कांग्रेस, भाजपा, सपा और बसपा पर इस समुदाय के महापुरुषों की उपेक्षा का आरोप लगाया। साथ ही सम्राट रुद्रसेन, महाराजा कड़ेदीन और सुहेलदेव का स्मारक बनाए जाने की मांग की। सम्मेलन में विधानसभा चुनाव 2017 पर भी चर्चा की गई। साथ ही ऐलान किया गया कि बीकेआरपी विधानसभा चुनाव में 250 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।
सम्मेलन में मौजूद अन्य नेताओं ने भूमिहीनों को जमीन आवंटन, राष्ट्रीय शिक्षानीति को जल्द पूरे देश में लागू किए जाने की वकालत की। इस मौके पर रमेशचंद्र यादव, लवकुश मिश्र, रामू राजपासी, गोकुल यादव, यशवंत यादव, दीनानाथ सिंह, रामराज राजपासी, सुमन राजपासी, अतुल शर्मा, महादेव चौधरी, रेखा सिंह कुशवाहा, शैलेश प्रेमी, शैलेंद्र राजपासी, सुरेश सिंह, हुकुम अली आदि मौजूद रहे।