मंझनपुर। लॉक डाउन-4 में शासन ने शर्तों के साथ गैर आवश्यक वस्तुओं के दुकानों को खोलने की छूट दे दी है। प्रशासन की अनुमति के बाद बुधवार से जिले भर की प्रमुख बाजारों में दुकानें खुलना शुरू हो गई हैं। दो महीने बाद दुकान खोलने का मौका मिला तो व्यापारी उत्साह के साथ अपने-अपने प्रतिष्ठान पहुंचे। लंबे समय से दुकानें बंद होने के कारण ज्यादातर कारोबारियों का पहला दिन प्रतिष्ठान की साफ-सफाई में गुजरा। दूसरे दिन गुरुवार को सुबह से नियमित तौर पर सभी ने अपने-अपने प्रतिष्ठान खोले। पर, देखा गया कि जिला मुख्यालय मंझनपुर में दुकानें खुलने के बावजूद ग्राहक नदारद रहे। जबकि सिर पर ईद है। इसके बावजूद बाजारों में रौनक नहीं दिखी।
साफ-सफाई में गुजर गए दो दिन
करारी। कस्बे में बुधवार को ज्यादातर दुकानें खुली दिखाई दी। कपड़े, परचून, इलेक्ट्रॉनिक, बीज आदि की दुकानें खुली रहीं। लेकिन इन दुकानों पर ग्राहक नहीं के बराबर दिखाई दिए। कुछ दुकानदारों का कहना था कि अभी बहुत से लोगों को पता ही नहीं है। इसलिए लोग बाजार नहीं आए। महीनों से बंद दुकानों में काफी धूल भर गई थी। दो दिन से प्रतिष्ठान की साफ सफाई में वक्त गुजर रहा है।
दूसरे दिन भी बाजार में नहीं दिखी भीड़
भरवारी। छूट के बावजूद नगर पालिका परिषद में रौनक नहीं लौट रही है। किराना, मेडिकल सहित रेडीमेड कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक आदि की दुकानें कुछ लोगों ने खोला है। लेकिन किसी व्यापारी ने सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक ग्राहकों को दुकान में घुसने से पहले सैनिटाइजर व हाथ धोने के लिए हैंडवास आदि की व्यवस्था नहीं कर रखी है। दुकान खोलने के बाद दुकानों पर ज्यादा ग्राहक न आने के कारण व्यापारी मायूस हैं।
इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी आनंद जायसवाल, मुकेश केसरवानी, कपड़ा व्यापारी नीरज कौशल, अमित केसरवानी सहित अन्य व्यापारियों का कहना है कि महीनों से लॉक डाउन के बाद व्यापार बंद था। इसलिए ग्राहक घर से नहीं निकल रहे हैं। बाजारों में सबसे ज्यादा भीड़ सब्जी खरीदने में हो रही है। जिसमें नगर के लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करते हैं। नगर में पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनते ही लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल हो जाता है।चौकी इंचार्ज भरवारी मनोज कुमार राय का कहना है कि नगर में व्यापारियों को बताया गया है कि व्यापारी ग्राहक को मास्क व सेनेटाइजर के बिना दुकान पर सामान नहीं देंगे। सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्णतया पालन करें। अगर कोई दुकानदार ऐसा नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
किस दिन खुलेगी कौन दुकान
------------------------
0 सोमवार, गुरुवार, शनिवार- इलेक्ट्रानिक्स, इलेक्ट्रिक, मोबाइल, हार्डवेयर पेंट, लोहा, साइकिल, बर्तन, ऑटोमोबाइल, टेलरिंग, कास्मेस्टिक, जनरल स्टोर।
0 मंगलवार, शुक्रवार, रविवार- रेडीमेड कपड़े, जूता-चप्पल, प्रिंटिंग प्रेस, फ्लैक्स, चश्मा, स्टेशनरी, फर्नीचर, बैग, अटैची, सराफा, मशीनरी, खरादिया, बेकरी आदि
-----
रोज खुलेंगी ये दुकानें-फल, सब्जी, दूध, डोर स्टेप डिलिवरी, किराना, गैरेज, फोटो स्टेट, मेडिकल और आर्म्स स्टोर
---
इन दुकानों के खुलने पर रहेगा प्रतिबंध
-----------
मिठाई, चाट, पकौड़ी, चाट, रेस्टोरेंट, पान, गुटखा, सैलून, ब्यूटी पार्लर, जूस, मांस, अंडा।