क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में पौधों की आपूर्ति करने वाले एक नर्सरी संचालक को आठ वर्ष बाद भी भुगतान नहीं मिल सका है। लाखों रुपये बकाया होने का दावा करते हुए संचालक ने अधिकारियों पर केवल आश्वासन देने का आरोप लगाया है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के घोसिया गांव निवासी रामप्रकाश ने बताया कि वर्ष 2016-17 और 2017-18 में तत्कालीन बीडीओ नेवादा के निर्देश पर उन्होंने ब्लॉक की 74 ग्राम पंचायतों में आम, कटहल, अमरूद, बेल, नींबू, जामुन और शीशम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों की आपूर्ति अपने निजी वाहन से की थी।
रामप्रकाश के अनुसार पौधों की आपूर्ति की कुल कीमत करीब 8.46 लाख रुपये हुई थी, लेकिन आठ वर्ष बीत जाने के बाद भी उन्हें भुगतान नहीं मिल सका। उन्होंने ब्लॉक कार्यालय, तहसील दिवस और मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायत की, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया।
इस संबंध में बीडीओ संजय गुप्ता का कहना है कि नर्सरी संचालक से कई बार आपूर्ति से जुड़े बिल-बाउचर और ग्राम पंचायतों की रिसीविंग मांगी गई है, लेकिन उन्होंने आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए हैं। कागजात के बिना भुगतान संभव नहीं है।