करारी। नगर पंचायत कार्यालय में तैनात नायब मुहर्रिर सुएब अहमद को ईओ ने निलंबित कर दिया है। नायब मुहर्रिर पर अनुशासनहीनता, ड्यूटी से गायब रहने और अधिकारियों से दुर्व्यवहार करने का आरोप है।
ईओ अजय निषाद ने बताया कि नायब मुहर्रिर पर उच्चाधिकारियो के आदेशों की अवहेलना, अनुशासनहीनता, कार्य में लापरवाही व उदासीनता, बिना बताए ड्यूटी से गायब रहने व बाद में उपस्थिति रजिस्टर में फर्जी हस्ताक्षर करने, कार्य स्थल के बजाय प्रयागराज में निवास व राजनीतिक कार्यों में संलिप्तता के अलावा सरकारी भूमि पर कब्जा कराने के गंभीर आरोप है।
इसे लेकर नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया था। लेकिन, उसने कोई जवाब नहीं दिया। बुधवार को पुनः नायब मुहर्रिर को क्रियाकलापों में सुधार व कर वसूली की समीक्षा के लिए कार्यालय बुलाया गया। इस दौरान उसने गालीगलौज, अभद्र व्यवहार व हाथापाई करने का प्रयास किया। चेयरमैन के दखल पर मामला शांत हुआ। इन्हीं आरोपों के चलते नायब मुहर्रिर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं, नायब मुहर्रिर ने कोतवाली पहुंचकर ईओ पर अनधिकृत काम कराने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। इंस्पेक्टर विनीत सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।