भरवारी। विस्तारित क्षेत्रों में विकास की अनदेखी से नाराज सभासद उस वक्त बिफर गए जब बैठक बुलाकर ईओ खुद नदारद हो गए। सभासदों ने हंगामा करते हुए अध्यक्ष और ईओ पर विकास कार्यों में मनमानी का आरोप लगाया।
नगर पालिका क्षेत्र में 25 वार्ड हैं। इनमें से विस्तारित क्षेत्र के कुछ सभासद विकास कार्यों को लेकर पालिका अध्यक्ष और ईओ से नाराज चल रहे हैं। विकास के मुद्दे को लेकर ही सूरज यादव, शंकर लाल केसरवानी, वीरेंद्र कुमार, शादाब अख्तर आदि सभासदों ने सोमवार को ईओ सुनील कुमार मिश्रा से मुलाकात की थी। सभासदों का कहना है कि वार्ता के दौरान ईओ ने मंगलवार को बैठक बुलाई थी, ताकि विस्तार से सभी बिंदुओं पर चर्चा हो सके।
इसी पर ईओ से मिलने वालों के साथ सुरेंद्र कुमार पटेल, विकास सोनकर, वीरेंद्र गौतम, विजय पाल समेत अन्य सभासद बैठक के लिए तय समय पर 11 बजे पालिका के सभागार पहुंच गए। वहां पर ईओ नहीं थे। सभासदों ने जब ईओ से संपर्क किया तो पता चला कि वह लखनऊ चले गए हैं। इसके बाद सभासदों ने अध्यक्ष कविता पासी से बात की।
अध्यक्ष ने कहा कि बैठक की उन्हें जानकारी नहीं है। इसलिए वह नहीं आ सकतीं। अभी सकाढ़ा में हैं। अगर मिलना है तो आ सकते हैं। इसी पर सभासद भड़क गए और हंगामा करने लगे। आरोप लगाया कि सभासदों द्वारा किए गए प्रस्तावों को दरकिनार कर अध्यक्ष और ईओ अपनी मनमर्जी से विकास कार्य करा रहे हैं।
सभासदों का विरोध और आरोप गलत है। एक साजिश के तहत उनके खिलाफ यह विरोध कराया जा रहा है। सभासदों के प्रस्तावों को प्राथमिकता पर रखकर काम कराये जा रहे हैं। अपने स्तर भी जनहित के विकास कार्य करा रही हूं।-
कविता पासी, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद भरवारी