जॉर्ज टाउन स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय परिसर में सोमवार दोपहर एक बजे अवर अभियंता संगठन की ओर से व्यापक विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रयागराज जोन के अंतर्गत कार्यरत अवर अभियंताओं (जेई) ने मौजूदा हालात को देखते हुए वर्क टू रूल आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है।
जेई संगठन के अनुसार, हाल के दिनों में आंधी, तूफान और बारिश या सामान्य दिनों में बिजली तंत्र प्रभावित हुआ है। कई जगहों पर पोल टूटने, तार क्षतिग्रस्त होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं। संगठन ने बताया कि हाल ही में प्रयागराज जोन में तीन गंभीर घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कर्मचारियों की मौत भी हुई है। इसके बावजूद जिम्मेदारी केवल अवर अभियंताओं पर डाली जा रही है, जबकि उच्च प्रबंधन की जवाबदेही तय नहीं की जा रही।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्टाफ की कमी को दूर और आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं कराए गए, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
आंदोलन के तहत प्रमुख निर्णय:
संविदा कर्मियों से आठ घंटे से अधिक कार्य नहीं लिया जाएगा।
ड्यूटी के बाद कॉल या वीसी अटेंड नहीं की जाएगी।
रात्रि में दिन के स्टाफ को कार्य पर नहीं बुलाया जाएगा।
सामग्री/ऑयल न होने पर लिखित सूचना देकर कार्य बाधित हो सकता है।
सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन, फोन पर शटडाउन नहीं किया जायेगा।