चायल के दरियापुर में आयोजित कैंप में भूमि विवाद का निस्तारण करते एसडीएम। स्त्रोत- जिला प्रशासन
जिले में भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण के लिए चलाए जा रहे टॉप-10 भूमि विवादों का मौके पर समाधान अभियान के तहत शुक्रवार को चायल तहसील के ग्राम दरियापुर में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में उप जिलाधिकारी चायल अरुण कुमार ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम के साथ ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं। मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण पैमाइश के बाद कराया। अधिकारियों के निर्देश पर चकमार्ग और नाली से अतिक्रमण भी हटवाया गया।
शिविर में शिकायतकर्ता भोला सिंह ने चकमार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत की। इस पर राजस्व एवं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश कराई और चकमार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया। वहीं शंकर सिंह की शिकायत पर नाली की जमीन से कब्जा हटवाया गया। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
उप जिलाधिकारी अरुण कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गांव स्तर पर ही विवादों का समाधान कर लोगों को राहत दी जा रही है। इस दौरान राजस्व विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।