तहसील जाने वाले मार्ग की फुटपाथ पर दुकानदारों का कब्जा। संवाद
चौराहे से तहसील मार्ग की फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण राहगीरों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ती है। मंझनपुर चौराहे के फुटपाथ पर दुकानदार सामान फैलाकर कब्जा कर लिए हैं। जिससे पैदल राहगीर और साइकिल सवारों को सड़क पर उतरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में फुटपाथ का उद्देश्य पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए होता है, लेकिन अतिक्रमण के कारण यह पूरी तरह बेकार हो गया है। कई जगहों पर ठेला और अस्थायी दुकानें लगने से मार्ग और संकरा हो जाता है, जिससे यातायात प्रभावित होता है और जाम की स्थिति बनती है।
स्थानीय निवासी रामबाबू, कमलचंद्र सहित अन्य लोगों का कहना है कि फुटपाथ कब्जा होने के राहगीरों को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे आए दिन हादसे भी होते रहते हैं।
फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले लोगों के खिलाफ कई बार अभियान चलाया गया। साथ ही उन पर जुर्माना भी लगाया गया है। यदि फिर से कोई फुटपाथ पर अतिक्रमण कर दुकान लगा रहा है तो जल्द ही उनके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। - प्रतिभा सिंह, ईओ, नगर पालिका मंझनपुर।