समदा स्थित कांशीराम कॉलोनी में बिजली बिल बकाया होने के कारण विभाग ने करीब 200 घरों की बिजली काट दी। इससे कॉलोनी के करीब एक हजार लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए। विभाग की इस कार्रवाई से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
कॉलोनी के 100 से अधिक पुरुष और महिलाएं स्थानीय विद्युत उपकेंद्र और अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंच गए और घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि विभाग ने बिना किसी पूर्व सूचना के कार्रवाई की है, जिससे गरीब परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
सोमवार और मंगलवार को बिजली विभाग की टीम ने समदा और गांधी नगर कॉलोनी में बकाया बिल वसूली के लिए अभियान चलाया था। इस दौरान करीब 200 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए। कुछ घरों के केबल तार भी विभागीय कर्मचारियों ने उतार दिए। अचानक बिजली कटने से कॉलोनी के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए।
दो दिन तक बिजली बहाल न होने से लोगों का आक्रोश बढ़ता गया। बुधवार को बड़ी संख्या में कॉलोनी के लोग एकत्र होकर स्थानीय विद्युत उपकेंद्र और अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कुछ महीने पहले विभागीय अधिकारियों ने कॉलोनी में शिविर लगाकर हर महीने 200 रुपये जमा कराने की व्यवस्था शुरू की थी, ताकि बकाया बिल धीरे-धीरे खत्म की जा सके।
पहले से बंद थी पानी की सप्लाई
प्रदर्शन कारियों ने बताया कि समदा कॉलोनी में करीब पांच साल से टंकी का मोटर खराब होने से कालोनी में पानी की सप्लाई ठप पड़ी है। किसी तरह से वह इस परेशानी से जद्दोजहद कर रहे थे कि अब बिजली विभाग की ओर से लाइट काटने से उन लोगों का कालोनी में रहना मुश्किल हो रहा है।
: पानी के लिए पहले से ही भटकना पड़ता है, अब बिजली कटने से रात में अंधेरे में ही रहना पड़ रहा है। विभाग के जिम्मेदारों को गरीबों की परेशानी समझनी चाहिए। - सीमा देवी।
: पहले हर महीने पैसे जमा करने की बात कही गई थी, लेकिन अब अचानक ज्यादा रकम मांगी जा रही है। साथ ही समय नहीं दिया गया। लोग तार काटकर उठा ले गए। - सविता देवी
:: सोमवार की शाम अचानक से लाइनमैन आए और बिना जानकारी दिए बिजली काट दी। ऐसे में छोटे बच्चों के साथ बुजुर्गों को भी काफी दिक्कत हो रही है। - रजस्वती
:: पानी और बिजली दोनों की समस्या से लोग परेशान हैं। जल्द समाधान नहीं हुआ तो सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। - दिनेश कुमार।
:: बहुत दिनों से पानी की समस्या थी, अब बिना किसी सूचना के बिजली भी काट दी गई। ऐसे में रात अंधेरे में गुजारनी पड़ रही है। - अजय।
कांशीराम कॉलोनी में ओटीएस 2023 के तहत कैंप लगाकर उपभोक्ताओं से रजिस्ट्रेशन राशि जमा कराई गई थी, लेकिन इसके बाद अधिकांश उपभोक्ताओं ने 2025 के अंत तक कोई बकाया जमा नहीं किया। ओटीएस 2025 के तहत दिसंबर और जनवरी 2026 में फिर से रजिस्ट्रेशन कराया गया और शेष राशि किस्तों में निर्धारित की गई। बावजूद इसके किस्तों का भुगतान नहीं किया गया, जिसके चलते बकाया वसूली के तहत कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई है। - आरके कुशवाहा, अधिशाषी अभियंता
विद्युत उपकेंद्र में मांगो को लेकर प्रदर्शन करते लोग। संवाद
विद्युत उपकेंद्र में मांगो को लेकर प्रदर्शन करते लोग। संवाद
विद्युत उपकेंद्र में मांगो को लेकर प्रदर्शन करते लोग। संवाद
विद्युत उपकेंद्र में मांगो को लेकर प्रदर्शन करते लोग। संवाद
विद्युत उपकेंद्र में मांगो को लेकर प्रदर्शन करते लोग। संवाद