नगर पंचायत भरवारी में विद्युत आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं में हाय तौबा मची है। 24 घंटे में महज पांच घंटे की आपूर्ति को लेकर उपभोक्ता हलाकान हैं। कस्बे की बिजली समस्या को लेकर सोमवार को नगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने उपभोक्ताओं के साथ एक्सईएन विद्युत को ज्ञापन सौंपकर रोस्टर के मुताबिक आपूर्ति दिए जाने की मांग की।
नगर पंचायत भरवारी के उपभोक्ताओं को इन दिनों महज चार से पांच घंटे विद्युत आपूर्ति मिल रही है। इसे लेकर उपभोक्ताओं ने कई बार जेई और नगर पंचायत अध्यक्ष से शिकायत की लेकिन कोई सुधार नहीं हो सका। बिजली न मिलने से कस्बे के उपभोक्ताओं का दिन का चैन और रात की नींद हराम है। इतना ही नहीं व्यापारियों को भी अपने-अपने आद्योगिक प्रतिष्ठान सूरज ढलते ही बंद करने पड़ रहे हैं।
इससे उन्हें भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर सोमवार को नगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने एक्सईएन विद्युत से मुलाकात कर कस्बाइयों की समस्या बताई। उन्होंने रोस्टर के मुताबिक विद्युत आपूर्ति किए जाने की मांग की। एक्सईएन एके गौतम ने आश्वासन दिया कि नगर पंचायत भरवारी में मंगलवार से रोस्टर के मुताबिक बिजली दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लाइन फाल्ट और तकनीकी खराबी के आने पर इस तरह की समस्याएं कभी भी आ सकती हैं। इसे लेकर कस्बाइयों को ध्यान देने की जरूरत है। अब देखना यह है कि कस्बे के उपभोक्ताओं को मंगलवार से रोस्टर के अनुरूप बिजली मिलती है या फिर उन्हें पूर्व की भांति समस्या से लगातार जूझना पड़ेगा।