कल्यानपुर गांव की एक महीने से बत्ती गुल
100 की जगह 63 केवीए का लगाया गया ट्रांसफार्मर भी फुंका
अमर उजाला ब्यूरो
कल्यानपुर। सिराथू तहसील के कल्यानपुर गांव के लोग एक महीने से अंधेरे में रहने को विवश है। गांव में लगा100 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है। शिकायत के बाद भी बिजली विभाग के अफसर नया ट्रांसफार्मर नहीं लगवा रहे हैं। इसे लेकर ग्रामीणों में रोष है।
कल्यानपुर गांव के संजय केसरवानी, राहुल केसरवानी, पंकज पांडेय, कमल केसरवानी, रोहित केसरवानी, संतोष केसरवानी आदि का कहना है कि गांव में पांच सौ घरों की आबादी है। यहां पर लोगों को बिजली आपूर्ति देने के लिए 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। एक महीने पहले ट्रांसफार्मर फुंक गया। जिसके कारण गांव में अंधेरा छा गया। ग्रामीणों के काफी प्रयास के बाद पखवाड़े भर पहले विभाग ने दूसरा ट्रांसफार्मर तो लगाया, लेकिन 100 केवीए की जगह 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया। इसकी वजह से ट्रांसफार्मर लगने के दूसरे ही दिन वह भी फुंक गया। अब शिकायत के बाद भी विभाग के अफसर समस्या का समाधान नहीं करने रहे हैं।