पंसौर गांव में जयसिंह की मौत पर गमजदा परिजन। संवाद
चरवा कोतवाली के पंसौर गांव के बाहर बिजली मिस्त्री का खून से लथपथ शव मिला। युवक अपने साथियों के साथ शनिवार रात घर से बाहर गया था। भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच के बाद शव में लिया है।
मलाक नागर गांव निवासी सोनू के मुताबिक उसके चाचा जयसिंह (42) बिजली मिस्त्री थे। वह अशरफपुर निवासी लालचंद्र और पंसौर निवासी राजू के साथ काम करते थे। सोनू के मुताबिक शनिवार शाम उसके चाचा बाइक से अपने दोनों साथियों के साथ बिजली का काम करने गए थे। वह रात में घर वापस नहीं लौटे।
रविवार सुबह पंसौर गांव बाहर सड़क किनारे बाग में उनका खून से लथपथ शव पड़ा मिला। भतीजे सोनू के अनुसार रात चाचा साढे नौ बजे तक घर नहीं पहुंचे तो उन लोगों ने संभावित जगहों पर तलाश की, उनका मोबाइल भी बंद बता रहा था। जयसिंह की धारदार हथियार से हमला कर हत्या की गई थी।
एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लालचंद्र को हिरासत में लिया गया है। राजू की तलाश की जा रही है। अब तक की जानकारी के मुताबिक सभी ने एक जगह बैठकर शराब पी थी। इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
साथियों के साथ रोज बैठ कर पीता था शराब
स्थानीय लोगों के मुताबिक जयसिंह शराब पीने का लती था। वह बिजली का काम करने वाले अपने साथियों के साथ रोज शराब पीता था। शनिवार शाम भी उसने साथियों के साथ बैठकर शराब पी थी। शराब पीने के बाद वह दो साथियों को उनके घर छोड़ने गया था। घटना स्थल के पास उसकी बाइक भी मिली है।
पंसौर गांव में जयसिंह की मौत पर गमजदा परिजन। संवाद