दोआबा में विद्युत समस्या सुधरती नहीं दिख रही है। देर रात तक कटौती किए जाने से लोगों को खुली छत और आंगन में चक्कर काटकर रात बितानी पड़ रही है। आघोषित कटौती और ट्रिपिंग से लोगों का हाल-बेहाल है। लोगों का कहना है कि कटौती के बाद मिलने वाली आपूर्ति ट्रिपिंग का शिकार हो जाती है। शिकायत के बाद भी बिजली विभाग के अफसर खामोशी अख्तियार किए हैं।
जिले के चायल, मनौरी, सरायअकिल, पुरखास, भरवारी, गोपसहसा, भरसवां, शाहपुर, घटमापुर, कमालपुर, सिराथू, कछुवा, मंझनपुर आदि उपकेन्द्रों से जुड़े बालकमऊ, भदवां, निधियांवा, बम्हरौली, झंडापुर, बिसारा, इचौली, बसोहनी, कादीपुर, देवभिटा आदि सैकड़ाें गांवाें में अघोषित बिजली कटौती किए जाने से लोग परेशान है। नियमित बिजली की आपूर्ति नहीं मिलने से नलकूप शो पीस बने हुए है। विद्युत उपकेन्द्रों से दी जाने वाली सप्लाई आधी रात तक ठप रहती है। कमोवेश यही हाल दिन में भी रहता है। इतना ही कभी कभी तो पूरी बिजली की आपूर्ति नहीं की जाती है। इलाके के त्रिलोक कुमार, वीरेन्द्र कुमार, दिनेश, रामपाल यादव, भइयालाल आदि का कहना है कि कटौती के बाद जो भी बिजली की सप्लाई की जाती है। वह ट्रिपिंग का शिकार हो जाती है। ऐसे में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अधिषाशी अभियंता का कहना है कि रोस्टर के अनुरूप बिजली की सप्लाई किए जाने का निर्देश सभी अवर अभियंताओं और एसडीओ को दिए गए है। फीडरों में ओवर लोड होने के कारण ट्रिपिंग की समस्या आ रही है। जिसे दूर करने के लिए प्रयास किया जा रहा है।