धाता मोड़ के पास बृहस्पतिवार सुबह टहलने निकले बुजुर्ग वाहन से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फतेहपुर जिले के धाता थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव निवासी धर्म नारायण द्विवेदी के अनुसार, उनके भाई राजनारायण द्विवेदी (58) बृहस्पतिवार सुबह घर से टहलने निकले थे। घर से करीब एक किलोमीटर दूर महेवाघाट थाना क्षेत्र के धाता मोड़ के पास वह हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल ले गए।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। महेवाघाट पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।