कौशाम्बी कोतवाली के लक्ष्मनापुर निवासी बुजुर्ग बुधवार देर शाम बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस व परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए सरायअकिल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां बृहस्पतिवार को सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दिनेश कुमार के मुताबिक, उनके पिता राम धीरज बुधवार को पैदल किसी काम से मुस्तफाबाद गए थे। वापस लौटते समय देर शाम बिजिया चौराहे की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार मौके से भाग गया।
पुलिस की मदद से परिजनों ने उन्हें सरायअकिल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बृहस्पतिवार को सुबह करीब छह बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रेल लाइन पर मिला किशोरी का क्षत-विक्षत शव
चायल।
चरवा कोतवाली के दालियानपुर गांव के सामने बुधवार शाम को डीएफसीसी डाउन लाइन खंभा नंबर 299/36 के समीप 17 वर्षीय किशोरी का शव क्षत-विक्षत पड़ा मिला।
रेलवे लाइन की तरफ गए लोगों ने ट्रैक पर शव पड़ा देखा तो जानकारी परिजनों के साथ-साथ पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद परिजन रोते बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पहुंची मां मंजू देवी ने शव की शिनाख्त बेटी खुशी (17) पुत्री सुनील कुमार के रूप में की। हादसे का कारण स्पष्ट नहीं होे सका। सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।