Elderly death due to uncontrolled vehicle collision
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के कल्यानपुर स्थित हाईवे पर सोमवार दोपहर बेकाबू वाहन की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। वह घर से सब्जी खरीदने के लिए निकला था। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिवार वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सैनी कोतवाली के हटवा गुलामीपुर निवासी राम प्रसाद प्रजापति (60) सोमवार दोपहर साइकिल से कल्यानपुर बाजार सब्जी खरीदने के लिए निकला था। जैसे ही वह हाईवे पर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तभी पीछे से आए एक बेकाबू वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
दुर्घटना में राम प्रसाद काफी दूर छिटक कर जा गिरा। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक गाड़ी सहित प्रयागराज की तरफ भाग निकला। घटना देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और यूपी-112 को खबर दी।
पुलिस रामप्रसाद को इलाज के लिए ले जाती, इससे पहले उसकी मौत हो गई। उधर, शव की शिनाख्त होने के बाद लोगों ने घरवालों को लोगों ने खबर दी। सूचना पर परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देर शाम तक परिजनों की तरफ से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।