स्थानीय विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कस्बे समेत आसपास के 40 गांवों के रोजेदार/ग्रामीण बिजली की जबर्दस्त कटौती से परेशान हैं। बिजली के अभाव में आसमान से बरस रही आग ने लोगों का सुख-चैन छीन लिया है। उमस भरी गर्मी में रोजेदार बिलबिला रहे हैं।
सरायअकिल उपकेंद्र कस्बे के अलावा फकीराबाद, रसूलपुर टप्पा, इछना, बरई, भगवानपुर, बहुंगरा, जठिया, खोंपा, चिरारी, चित्तापुर, घोंसिया, समेत लगभग 40 गांवों की विद्युत सप्लाई होती है। इनमें से फकीराबाद, खोंपा, रसूलपुर टप्पा, घोंसिया, अंबारी, सिहोरवा, मुस्लिम बहुल गांव हैं। विजली सप्लाई के लिए कस्बा, नेवादा, पुरखास, मंझनपुर, जलनिगम, विश्वबैंक, नाम से छह फीडर संचालित किए जा रहे हैं। इस वक्त आसमान से आग बरस रही है। उस पर जबर्दस्त बिजली कटौती रोजेदारों को तड़पा रही है। कटौती के साथ-साथ लो-वोल्टेज की समस्या से भी लोग परेशान हैं।
इतना ही नहीं जर्जर और पुराने तार कोढ़ में खाज का काम कर रहे हैं। अधिक लोड के कारण तार गलकर टूट रहे हैं। इससे समस्या और बढ़ गई है। रात आठ से दस बजे तक और दिन में 11 से 3 बजे तक कटौती होने के साथ ही लोकल फाल्ट पर बीच-बीच में भी कटौती की जाती है। रोजेदारों का कहना है कि इस भीषण गर्मी में गला सूख रहा है। छोटे बच्चों और महिलाओं की तो हालत और भी खराब है। ग्रामीणों का आरोप है रमजान में सरकार ऐसी दिक्कतें देकर रोजेदारों के साथ भेदभाव कर रही है।