ई-कुबेर सिस्टम ने बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को परेशानी में डाल दिया है। किसी को अनुमान से ज्यादा वेतन खाते में पहुंचा तो किसी को पहले से भी कम पगार का भुगतान हुआ। करीब दो सौ शिक्षकों के वेतन भुगतान में इस तरह की गड़बड़ी सामने आई है। विभाग अब डाटा शीट के आधार पर दिसंबर माह के भेजे जाने वाले वेतन में सुधार करने का प्रयास कर रहा है।
शिक्षा विभाग में पिछले दिनों ई-कुबेर प्रणाली से वेतन भुगतान का खाका तैयार किया गया। इसके तहत एक क्लिक पर वेतन सीधे अध्यापकों के खाते में पहुंचता है। नवंबर माह का वेतन जब शिक्षकों के खाते में पहुंचा तो कहीं खुशी, कहीं गम के हालात बन गए। किसी के खाते में मिलने वाले नियत वेतन से काफी ज्यादा रकम ट्रांसफर हो गई तो किसी को मिलने वाली पगार से भी कम रकम हाथ लगी। करीब दो सौ शिक्षकों के खाते में इस तरह की गड़बड़ी सामने आने पर शिक्षा विभाग में शिकायतों का अंबार लग गया।
विभाग इसे नेटवर्क की समस्या और पहली बार ट्रांजक्शन किए जाने को दोषी मान रहा है। फिलहाल दावा किया जा रहा है कि दिसंबर माह के वेतन में जिन शिक्षकों के खाते में ज्यादा पैसा ट्रांसफर किया गया है उसे काट कर ही वेतन ट्रांसफर किया जाएगा। जिनके खाते में नवंबर माह का वेतन कम पहुंचा है उन्हे दिसंबर के वेतन में पुराना पैसा जोड़कर भेजा जाएगा।
वेतन की फीडिंग और नेट की समस्या की वजह से दो सौ अध्यापकों के खाते में गलत पैसा ट्रांसफर हो गया है। सबसे ज्यादा समस्या सिराथू ब्लाक में आई थी। दिसंबर के वेतन में गड़बड़ी सहीं करके वेतन भेजा जा रहा है। नया सिस्टम लागू होने की वजह से इस तरह की दिक्कत तकरीबन हर जिले में आई है।
देव कुमार, लेखाधिकारी, बीएसए कार्यालय