बच्ची को मृत घोषित करने बाद पीएचसी मूरतगंज के बाहर रोते-बिलखते परिजन। स्रोत: सोशल मीडिया
संदीपन घाट थाना क्षेत्र के धन्नी गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। धन्नी गांव निवासी फूलचंद की आठ वर्षीय बेटी सुमित्रा (जो सात बहनों में चौथे नंबर पर थी) सुबह करीब छह बजे घर के पास स्थित सार्वजनिक नल से पानी भरकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर प्रयागराज की ओर जा रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची करीब 20 मीटर दूर सड़क किनारे रखी गिट्टी पर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।
संदीपन घाट थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह नागर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बच्ची को मृत घोषित करने बाद पीएचसी मूरतगंज के बाहर रोते-बिलखते परिजन। स्रोत: सोशल मीडिया